#राष्ट्रीय

NEET UG 2026: परीक्षा शुल्क रिफंड के लिए बैंक डिटेल जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ी, NTA ने जारी किया नया अपडेट

Advertisement Carousel

नई दिल्ली। नीट यूजी 2026 परीक्षा से जुड़े उम्मीदवारों के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अहम अपडेट जारी किया है। एनटीए ने परीक्षा शुल्क वापसी के लिए बैंक खाते की जानकारी जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 22 जून 2026 कर दी है। यह निर्णय उन अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जिन्होंने अब तक अपने बैंक डिटेल्स जमा नहीं किए थे।

जानकारी के अनुसार, नीट यूजी 2026 परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद एनटीए ने 12 मई को इसे रद्द कर दिया था। इसके बाद 21 जून को पुनः परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि री-एग्जाम के लिए किसी भी उम्मीदवार से अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा और पहले जमा की गई फीस पूरी तरह वापस की जाएगी।

पहले एनटीए ने 22 मई से 26 मई तक उम्मीदवारों को अपने बैंक खाते की जानकारी अपडेट करने का अवसर दिया था। हालांकि बड़ी संख्या में छात्र अभी भी यह प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए थे। एजेंसी के अनुसार अब तक लगभग 13 लाख अभ्यर्थी अपनी बैंक डिटेल्स जमा कर चुके हैं।

एनटीए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी नोटिस में कहा है कि जिन उम्मीदवारों ने अब तक बैंक जानकारी नहीं दी है, वे 22 जून 2026 रात 11:50 बजे तक इसे अपडेट कर सकते हैं।

एजेंसी ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे नीट यूजी 2026 रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर लॉगिन करके रिफंड लिंक के माध्यम से सही बैंक विवरण भरें। जरूरत पड़ने पर अभ्यर्थी कैंसिल चेक भी अपलोड कर सकते हैं ताकि जानकारी की पुष्टि हो सके।

एनटीए ने यह भी स्पष्ट किया है कि एक बार बैंक डिटेल्स जमा करने के बाद उसमें किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जा सकेगा, इसलिए अभ्यर्थियों को सावधानीपूर्वक जानकारी भरने की सलाह दी गई है।

इस वर्ष नीट यूजी परीक्षा के लिए लगभग 23 लाख छात्रों ने पंजीकरण कराया था। फिलहाल पेपर लीक मामले की जांच सीबीआई कर रही है और पुनः परीक्षा 21 जून को आयोजित की जानी है।