Big News : गरियाबंद सर्किट हाउस में सुबह लगी आग, फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक

गरियाबंद। जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में रविवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आगजनी की इस घटना में कमरे में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और स्टोर का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6:30 बजे सर्किट हाउस परिसर से धुआं और आग की लपटें उठती देख कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना प्रशासन और फायर ब्रिगेड को दी। आग इतनी तेजी से फैली कि कमरे में रखा फ्रिज, अलमारी, सीलिंग फैन सहित अन्य सामान इसकी चपेट में आ गया। स्टोर रूम में रखा सामान भी पूरी तरह जल गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया।
वहीं लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करने और घटना के कारणों की जांच में जुट गए हैं। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
गनीमत रही कि घटना के समय सर्किट हाउस में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।





