#प्रदेश

नौतपा के बीच बदला मौसम का मिजाज, बारिश और बादलों से मिली राहत, आज भी आंधी-बारिश के आसार

Advertisement Carousel

रायपुर। नौतपा के दौरान छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बादलों की आवाजाही से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। रायपुर, बिलासपुर और राजनांदगांव समेत प्रमुख शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग ने रविवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है।

शनिवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी, सक्रिय हैं कई मौसम प्रणालियां

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार मध्य पाकिस्तान से अंदरूनी ओडिशा तक एक द्रोणिका राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर छत्तीसगढ़ होते हुए विस्तारित है। इसके अलावा पूर्व-मध्य और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है। वहीं एक पश्चिमी विक्षोभ भी प्रभावी बना हुआ है।

इन मौसम प्रणालियों के कारण बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी पहुंच रही है, जिससे प्रदेश में आंधी, बारिश और बादल छाए रहने की स्थिति बनी हुई है। इसके चलते अधिकतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में रविवार को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर आंधी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। शहर का अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज अंधड़ और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।