#प्रदेश

CG Elections 2026: छत्तीसगढ़ में त्रि-स्तरीय पंचायतों के और उपचुनावों के लिए मतदान शुरू, 1,310 पदों पर आज होगा फैसला

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकायों और त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम एवं उपचुनाव के लिए सोमवार को मतदान शुरू हो गया। राज्य निर्वाचन आयोग की निगरानी में प्रदेशभर में 1,310 रिक्त पदों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और शाम तक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। चुनाव परिणामों की घोषणा 4 जून को मतगणना के बाद की जाएगी।

 

निर्वाचन आयोग के अनुसार चुनाव में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष के 5 पद, पार्षद के 77 पद, जनपद पंचायत सदस्य के 10 पद, सरपंच के 82 पद और पंच के 1,136 पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है।

नगरीय निकाय चुनाव में 31,928 मतदाता, जबकि पंचायत चुनाव में 1,02,797 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। निकाय क्षेत्रों में मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक और पंचायत क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा।

सहसपुर लोहारा में अध्यक्ष पद पर कांटे की टक्कर

कबीरधाम जिले की नगर पंचायत सहसपुर लोहारा में अध्यक्ष पद का उपचुनाव सबसे चर्चित मुकाबलों में शामिल है। स्वर्गीय अध्यक्ष संतोष मिश्रा के निधन के बाद रिक्त हुई सीट पर कुल छह प्रत्याशी मैदान में हैं।

भाजपा ने सरिता संतोष मिश्रा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने रोशन वैष्णव पर भरोसा जताया है। वहीं कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे अजय यादव ने मुकाबले को रोचक और त्रिकोणीय बना दिया है।

नगर पंचायत के 15 वार्डों में बने 15 मतदान केंद्रों पर 5,142 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 2,651 पुरुष और 2,491 महिला मतदाता शामिल हैं।

शिवनंदनपुर में भी मतदान जारी

सूरजपुर जिले की नगर पंचायत शिवनंदनपुर में भी अध्यक्ष और पार्षद पदों के लिए मतदान हो रहा है। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा, कांग्रेस समेत तीन प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि 15 वार्डों में पार्षद पद के लिए 52 उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

यहां कुल 4,642 मतदाता मतदान करेंगे, जिनमें 2,335 पुरुष और 2,307 महिला मतदाता शामिल हैं।

बिलासपुर में पार्षद उपचुनाव पर नजर

बिलासपुर के वार्ड क्रमांक 29 संजयनगर (तारबाहर क्षेत्र) में पार्षद उपचुनाव के लिए भी मतदान जारी है। यहां कुल 5,255 मतदाता आठ मतदान केंद्रों पर वोट डालकर नया पार्षद चुनेंगे।

इस सीट पर भाजपा के मधुसूदन राव, कांग्रेस के मोहम्मद आजम खान और आम आदमी पार्टी के शाहिल खान के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है।

4 जून को आएंगे नतीजे

निर्वाचन आयोग ने सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद 4 जून को मतगणना की जाएगी और उसी दिन सभी परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। प्रदेश की कई सीटों पर रोचक मुकाबले को देखते हुए राजनीतिक दलों और मतदाताओं की नजरें अब नतीजों पर टिकी हुई हैं।