#प्रदेश

लुधियाना की फैक्ट्री में जहरीली गैस का कहर: पिता-पुत्र समेत 3 मजदूरों की मौत, कई अस्पताल में भर्ती

Advertisement Carousel

लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में सोमवार तड़के एक फैक्ट्री में हुए जहरीली गैस रिसाव ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। पाना-चाबी निर्माण इकाई में अचानक गैस फैलने से काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। दम घुटने से पिता-पुत्र समेत तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य श्रमिकों की हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों की पहचान मान सिंह, उनके पुत्र अमित और श्रीराम के रूप में हुई है। तीनों रोज की तरह सुबह ड्यूटी पर पहुंचे थे, लेकिन कुछ ही देर बाद फैक्ट्री में जहरीली गैस फैलने से वे इसकी चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गैस रिसाव के बाद मजदूरों को सांस लेने में परेशानी होने लगी और कई लोग बेहोश होकर गिर पड़े।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर प्रभावित मजदूरों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। फैक्ट्री परिसर को खाली कर आसपास के क्षेत्र में भी सतर्कता बढ़ा दी गई।

प्रारंभिक जांच में जहरीली गैस रिसाव को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि गैस के स्रोत और सुरक्षा मानकों में किसी लापरवाही की जांच की जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फैक्ट्री प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है, वहीं क्षेत्र के लोगों ने औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।