#प्रदेश

जंगल में मधुमक्खियों का कहर: सास-दामाद पर झुंड का हमला, बुजुर्ग महिला की मौत

Advertisement Carousel

 

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मधुमक्खियों के हमले से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि उसका दामाद घायल हो गया। यह दर्दनाक घटना दुगली थाना क्षेत्र के पालगांव के पास जंगल में हुई, जिसके बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, पालगांव निवासी रामवती नेताम अपने दामाद के साथ सुबह जंगल में सराई बीनने गई थीं। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के एक बड़े झुंड ने दोनों पर हमला कर दिया। हमले से बचने के लिए दोनों जंगल में इधर-उधर भागने लगे, लेकिन रामवती नेताम मधुमक्खियों के डंक से बुरी तरह घायल हो गईं।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान रामवती नेताम ने दम तोड़ दिया, जबकि घायल दामाद का उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत अब खतरे से बाहर है।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जंगल क्षेत्रों में बढ़ती ऐसी घटनाओं को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।