प्रार्थना सभा में बवाल: दो पक्षों के बीच खूनी झड़प, कई घायल; गांव में तनाव का माहौल

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में आयोजित एक प्रार्थना सभा उस समय हिंसक संघर्ष में बदल गई, जब दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। घटना में कई ग्रामीण घायल हो गए, जबकि पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार, तोंगपाल थाना क्षेत्र के साडरापाल गांव में प्रार्थना सभा चल रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो गुटों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही तोंगपाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





