पति की प्रताड़ना से परेशान महिला ने गंगरेल बांध में लगाई छलांग, डेढ़ साल की बेटी को किनारे छोड़ किया आत्महत्या का प्रयास

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले स्थित गंगरेल बांध में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने अपनी डेढ़ साल की मासूम बेटी को किनारे छोड़कर पानी में छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि महिला पति की कथित प्रताड़ना से परेशान थी और इसी वजह से उसने आत्महत्या का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान सतवंतीन निर्मलकर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पूरी गांव की निवासी है। वह पिछले कुछ महीनों से नगरी के छिपलीपारा स्थित अपने मायके में रह रही थी।
बेटी को किनारे छोड़ पानी में उतरी महिला
महिला का आरोप है कि उसका पति लंबे समय से उसे प्रताड़ित कर रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। इसी तनाव के चलते वह अपनी डेढ़ वर्षीय बच्ची को लेकर गंगरेल बांध पहुंची। वहां बच्ची को किनारे छोड़कर उसने पानी में छलांग लगा दी।
लोगों की सतर्कता से बची जान
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों की नजर महिला पर पड़ गई। उन्होंने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए महिला को पानी से सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल महिला का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। राहत की बात यह है कि महिला और उसकी बच्ची दोनों सुरक्षित हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
मासूम को छोड़ मां ने उठाया खौफनाक कदम
गंगरेल बांध में हुई इस घटना ने सभी को झकझोर दिया। समय रहते लोगों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया, जबकि डेढ़ साल की मासूम बच्ची भी सुरक्षित बच गई।





