राज्यसभा चुनाव में BJP का बड़ा दांव: तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को बनाया उम्मीदवार

भोपाल। राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा फैसला लेते हुए मध्य प्रदेश से अपने दो उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। गुरुवार शाम भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने दोनों नामों की औपचारिक घोषणा की।
तरुण चुग पर फिर जताया राष्ट्रीय नेतृत्व ने भरोसा
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग लंबे समय से संगठन में अहम जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। कई राज्यों में संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजने का फैसला उनके प्रति केंद्रीय नेतृत्व के विश्वास को दर्शाता है।
रजनीश अग्रवाल को मिला संगठन में मेहनत का इनाम
प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता, मंत्री और पार्टी के मुखर प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल को भी राज्यसभा का टिकट देकर भाजपा ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन और राजनीति में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए पार्टी ने उन्हें संसद के उच्च सदन तक पहुंचाने का निर्णय लिया है।
रजनीश अग्रवाल लंबे समय से पार्टी की नीतियों को प्रभावी ढंग से जनता और मीडिया के सामने रखते रहे हैं। उनकी उम्मीदवारी को प्रदेश संगठन और कार्यकर्ताओं के लिए सकारात्मक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
तीन सीटों पर होना है चुनाव
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए चुनाव होना है। ऐसे में भाजपा द्वारा दो उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी के इस फैसले को संगठनात्मक अनुभव और जमीनी नेतृत्व के संतुलन के रूप में देखा जा रहा है।





