छत्तीसगढ़ निकाय और पंचायत उपचुनाव के नतीजे घोषित: 5 में से 3 अध्यक्ष पदों पर भाजपा, 2 पर कांग्रेस का कब्जा

० शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई मतगणना, विजयी प्रत्याशियों को सौंपे गए प्रमाणपत्र; आचार संहिता समाप्त
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकायों एवं त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम/उप-निर्वाचन की मतगणना गुरुवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। मतगणना पूरी होने के बाद सभी निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार नगरीय निकायों के अध्यक्ष पदों पर भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें भाजपा ने बढ़त हासिल की।
आयोग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक अध्यक्ष के 5 पदों में से 3 पदों — बम्हनीडीह, शिवनंदनपुर और सहसपुर लोहारा — पर भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की, जबकि पलारी और घुमका में कांग्रेस उम्मीदवार विजयी रहे। वहीं पार्षद के 71 पदों में से भाजपा ने 39, कांग्रेस ने 30 और 2 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की।
त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव गैर-दलीय आधार पर संपन्न हुए, जबकि नगरीय निकाय चुनाव दलीय आधार पर कराए गए। पंचायत चुनाव के तहत 1 जून 2026 को वार्ड पंच के 107, सरपंच के 34 और जनपद सदस्य के 10 रिक्त पदों के लिए मतदान हुआ था। मतदान के बाद मतगणना संबंधित केंद्रों पर ही की गई थी, जबकि 4 जून को परिणामों का सारणीकरण कर विजयी उम्मीदवारों को प्रमाणपत्र सौंपे गए।
मतगणना पूरी होने के बाद रिटर्निंग अधिकारियों ने आधिकारिक परिणाम घोषित किए और सभी विजयी प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रमाणपत्र प्रदान किए। इसके साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग ने संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में लागू आदर्श आचार संहिता को भी समाप्त करने के आदेश जारी कर दिए।





