#प्रदेश

सकरी में खेल प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ, 18 एकड़ मैदान में निखरेगी खिलाड़ियों की प्रतिभा

Advertisement Carousel

 

रायपुर। स्थानीय सकरी स्थित कृषि गौ राक्षणी सभा ट्रस्ट द्वारा खेल और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उपलब्ध कराई गई 18 एकड़ भूमि में युवा खिलाड़ी कमलेश डहरिया के नेतृत्व में खेल प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अजय तिवारी, अध्यक्षता कृषि गौ राक्षणी सभा ट्रस्ट के अध्यक्ष रामअवतार तिवारी तथा विशेष अतिथि के रूप में ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू बंजारे उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अजय तिवारी ने कहा कि ट्रस्ट का प्रमुख उद्देश्य अच्छे नागरिकों का निर्माण करना है और इसकी शुरुआत बचपन में खेलकूद की गतिविधियों से होती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में क्रिकेट विश्व का सबसे लोकप्रिय खेल बन चुका है और आईपीएल जैसी प्रतियोगिताओं ने गांव-गांव की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा के दम पर नई ऊंचाइयों को छुएंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे रामअवतार तिवारी ने कहा कि यदि बच्चे पूरी लगन और क्षमता के साथ खेलों में भाग लें तो छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना अब कठिन नहीं रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विशेष अतिथि पप्पू बंजारे ने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है। खेल न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास करते हैं।

इस अवसर पर डॉ. देवाशीष मुखर्जी, महंत कॉलेज के प्राचार्य पी. पांडे, विकास शेखर चंद्राकर, टी.आर. सिन्हा सहित सकरी क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. देवाशीष मुखर्जी ने किया।

खेल प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत से क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उनकी प्रतिभा को नई दिशा मिल सकेगी।