#प्रदेश

कोरिया में देर रात सिलेंडर ब्लास्ट से मचा हड़कंप: SECL के डिप्टी मैनेजर की मौके पर मौत, कॉलोनी दहली

Advertisement Carousel

 

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। एसईसीएल चरचा कॉलरी क्षेत्र के चाइना ब्लॉक स्थित एक क्वार्टर में गैस सिलेंडर में हुए भीषण विस्फोट से एसईसीएल के डिप्टी मैनेजर के. वी. नंदन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11:30 बजे अचानक जोरदार धमाके के साथ क्वार्टर में रखा गैस सिलेंडर फट गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। टीम ने तत्काल राहत और जांच कार्य शुरू किया। हादसे के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सिलेंडर ब्लास्ट को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए फोरेंसिक और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

इस हादसे में जान गंवाने वाले के. वी. नंदन एसईसीएल के अनुभवी अधिकारियों में गिने जाते थे। उनके निधन की खबर से एसईसीएल प्रबंधन, कर्मचारियों और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। सहकर्मियों ने उन्हें मेहनती, कुशल और समर्पित अधिकारी बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।