#प्रदेश

शिक्षा को लेकर CM साय का बड़ा संदेश, बोले- जीवन में आगे बढ़ने का सबसे सशक्त माध्यम है शिक्षा; 81 सेवानिवृत्त शिक्षक और 42 मेधावी विद्यार्थी सम्मानित

Advertisement Carousel

बेमेतरा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति, समाज और राष्ट्र की प्रगति की सबसे मजबूत नींव है। जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए शिक्षा जरूरी है और इस पूरी प्रक्रिया में शिक्षक की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। शिक्षक बच्चों को केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उन्हें संस्कार, दिशा और व्यक्तित्व निर्माण की सीख देकर समाज और राष्ट्र के भविष्य को आकार देते हैं।

मुख्यमंत्री रविवार को बेमेतरा के बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान एवं प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।

81 सेवानिवृत्त शिक्षक और 42 मेधावी विद्यार्थी सम्मानित

समारोह में मुख्यमंत्री ने जिले के 81 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं बोर्ड एवं महाविद्यालयीन परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 42 मेधावी छात्र-छात्राओं को विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की ओर से गोल्ड मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री ने सभी सम्मानित शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय परंपरा में गुरु को सदैव सर्वोच्च स्थान मिला है। शिक्षक का ज्ञान और अनुभव केवल एक विद्यार्थी तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसका प्रभाव परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचता है।

बदलते दौर में आधुनिक शिक्षा पर जोर

सीएम साय ने कहा कि शिक्षा अज्ञानता के अंधकार को दूर करने वाला प्रकाश है। यह व्यक्ति को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के साथ आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता भी विकसित करती है।

उन्होंने कहा कि तक्षशिला और नालंदा जैसे संस्थानों के जरिए भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा पूरी दुनिया में स्थापित रही है। आज तकनीक तेजी से बदल रही है, ऐसे में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए भी तैयार करना जरूरी है।

हर बच्चे को समान अवसर देने का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के बुनियादी ढांचे और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है। सरकार का प्रयास है कि गांव या शहर, गरीब या संपन्न परिवार—किसी भी बच्चे की प्रतिभा संसाधनों या अवसरों के अभाव में पीछे न रह जाए।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में IIT, IIM, AIIMS और ट्रिपल आईटी जैसी राष्ट्रीय स्तर की संस्थाएं युवाओं को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के बेहतर अवसर दे रही हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नालंदा परिसर जैसी सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।

छात्रवृत्ति और शिक्षा ऋण से विद्यार्थियों को सहयोग

सीएम साय ने कहा कि आर्थिक स्थिति किसी प्रतिभावान विद्यार्थी के सपनों में बाधा न बने, इसके लिए सरकार छात्रवृत्ति, शिक्षा ऋण और विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को सहयोग दे रही है। सरकार का लक्ष्य केवल डिग्रीधारी युवा तैयार करना नहीं, बल्कि आत्मविश्वासी, कुशल और सक्षम युवाओं का निर्माण करना है।

बेमेतरा को 2 करोड़ की गौरव पथ और नए सब-स्टेशन की सौगात

मुख्यमंत्री ने बेमेतरा जिले के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने बेमेतरा शहर में गौरव पथ निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत करने और ग्राम पंचायत तिवरिया में नवीन विद्युत सब-स्टेशन के निर्माण की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार भी सरकार की प्राथमिकता है।

‘मोर गांव मोर पानी’ के कार्यों का सम्मान

कार्यक्रम में ‘मोर गांव मोर पानी’ महाअभियान के तहत जल संरक्षण और भू-जल स्तर सुधारने के लिए किए गए कार्यों को भी सम्मानित किया गया। बेमेतरा जिले को क्रिटिकल जोन से सेमी-क्रिटिकल जोन की दिशा में लाने के प्रयासों के लिए जनपद पंचायत बेमेतरा, बेरला और नवागढ़ को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा विषय है। जनभागीदारी से जल संरक्षण के प्रयासों को और प्रभावी बनाया जा सकता है।

सुशासन और जनकल्याण पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गरीब, किसान, महिला और युवा सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना और तकनीक आधारित विभिन्न पहलों के जरिए लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अटल मॉनिटरिंग पोर्टल, सेवा सेतु और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन जैसी पहलों से शासन और जनता के बीच की दूरी कम करने का प्रयास किया जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री साव बोले- शिक्षक राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करते हैं

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा में गुरु का स्थान हमेशा सर्वोच्च रहा है। शिक्षक अज्ञानता का अंधकार दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं और नई पीढ़ी को सही दिशा देते हैं। उन्होंने सम्मानित शिक्षकों और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

मंत्री बघेल बोले- शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति में आत्मविश्वास पैदा करने के साथ उसे आगे बढ़ने की शक्ति देती है। शिक्षक बच्चों को ज्ञान देने के साथ संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

समारोह में विधायक दीपेश साहू, विधायक ईश्वर साहू सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।