#प्रदेश

बिलासपुर से बेंगलुरु के लिए चलेगी समर स्पेशल ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी राहत

Advertisement Carousel

 

रायपुर। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बिलासपुर से बेंगलुरु छावनी के बीच विशेष समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन एक फेरे के लिए संचालित की जाएगी, जिससे दक्षिण भारत की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को कन्फर्म बर्थ और अतिरिक्त सीटों की सुविधा मिल सकेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, गाड़ी संख्या 08263 बिलासपुर-बेंगलुरु छावनी समर स्पेशल 12 जून को बिलासपुर स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन वन-वे सेवा के रूप में संचालित की जाएगी और रास्ते में कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

छत्तीसगढ़ के यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे क्षेत्र में इस विशेष ट्रेन का ठहराव बिलासपुर, भाटापारा, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़ और गोंदिया स्टेशनों पर दिया गया है। इससे छत्तीसगढ़ के यात्रियों को दक्षिण भारत की यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होगा।

18 कोचों के साथ चलेगी ट्रेन

समर स्पेशल ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 2 एसएलआरडी, 6 सामान्य (जनरल) और 10 स्लीपर कोच शामिल हैं। रेलवे का मानना है कि इससे यात्रियों को राहत मिलेगी और भीड़भाड़ के दौरान यात्रा करना आसान होगा।

12 जून को दोपहर 2 बजे होगी रवाना

यह विशेष ट्रेन 12 जून को दोपहर 2 बजे बिलासपुर से रवाना होगी। निर्धारित मार्ग पर विभिन्न स्टेशनों से गुजरते हुए ट्रेन दूसरे दिन रात करीब 8 बजे बेंगलुरु छावनी स्टेशन पहुंचेगी। ट्रेन महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों से होकर गुजरेगी।

रेलवे ने यात्रियों से समय रहते टिकट बुक कराने और यात्रा से पहले ट्रेन की समय-सारिणी की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।