सारंग के हैरतअंगेज करतबों से रोमांचित हुआ नवा रायपुर, आसमान में दिखा तिरंगा; मुख्यमंत्री साय ने कहा- अनुशासन और टीम भावना की मिसाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर का आसमान रविवार को भारतीय वायु सेना के शौर्य, साहस और अद्भुत उड़ान कौशल का गवाह बना। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय नवा रायपुर के सेंध लेक में आयोजित भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम की फुल ड्रेस रिहर्सल में शामिल हुए। आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग के जांबाजों ने रोमांचकारी करतबों और बेहतरीन समन्वय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
पांच हेलीकॉप्टरों की फॉर्मेशन ने थाम दीं सांसें
सारंग टीम के पांच हेलीकॉप्टरों ने ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में आसमान में एक के बाद एक शानदार फॉर्मेशन और साहसिक करतब प्रस्तुत किए। हेलीकॉप्टरों की सटीक उड़ान, आपसी तालमेल और बेहद करीब से किए गए ‘क्रॉसओवर’ करतब ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
कभी पांचों हेलीकॉप्टर एक-दूसरे के बेहद करीब नजर आए तो कभी अलग-अलग दिशाओं में उड़ान भरने के बाद बेहद सटीक तरीके से दोबारा एक ही फॉर्मेशन में लौटे। हर करतब के साथ दर्शकों का उत्साह बढ़ता गया और तालियों की गड़गड़ाहट से सेंध लेक का परिसर गूंजता रहा।

कॉकपिट से गूंजा ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’
प्रदर्शन के दौरान ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने हेलीकॉप्टर के कॉकपिट से ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ कहकर प्रदेशवासियों का अभिवादन किया। यह उद्घोष सुनते ही दर्शकों में उत्साह और बढ़ गया।
हवाई प्रदर्शन के अंतिम चरण में ‘वंदे मातरम्’ की गूंज के बीच सारंग टीम ने आसमान में तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन बनाई। हेलीकॉप्टरों की शानदार उड़ान और तिरंगे के रंगों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव से भर दिया।
आकाशगंगा के जांबाजों ने दिखाया स्काईडाइविंग का रोमांच
कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय वायु सेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम ने की। जवानों ने ऊंचे आसमान से छलांग लगाकर पैराशूट को नियंत्रित करते हुए निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग की। उनके साहस, संतुलन और नियंत्रण ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
गरुड़ कमांडोज ने किया रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रदर्शन
इसके बाद भारतीय वायु सेना के गरुड़ कमांडोज ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग का प्रदर्शन किया। हवा में स्थिर हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर कमांडोज ने रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन की झलक दिखाई। कठिन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और मिशन को अंजाम देने की उनकी दक्षता ने दर्शकों को प्रभावित किया।

मुख्यमंत्री साय बोले- युवाओं के लिए प्रेरणादायी है प्रदर्शन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय वायु सेना के जांबाजों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन अनुशासन, आत्मविश्वास, आपसी विश्वास और उत्कृष्ट समन्वय का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह केवल हवाई करतबों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि भारतीय वायु सेना के कठिन प्रशिक्षण, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का जीवंत परिचय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी प्रस्तुतियां विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश के निरंतर विकास और समृद्धि की कामना की।
2 नवंबर को होगा मुख्य हवाई प्रदर्शन
फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक में सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम का मुख्य हवाई प्रदर्शन होगा। इस दौरान आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग टीम की साहसिक प्रस्तुतियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
उल्लेखनीय है कि सारंग टीम विश्व की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक प्रदर्शन टीम है। यह टीम जर्मनी, ब्रिटेन, मॉरीशस, रूस और मिस्र सहित कई देशों में अपने हवाई प्रदर्शन के जरिए भारतीय वायु सेना की तकनीकी दक्षता और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का प्रदर्शन कर चुकी है।





