#प्रदेश

बलरामपुर में दंतैल का कहर: सुबह शौच के लिए निकले दंपति को कुचलकर मार डाला, गांव में दहशत

Advertisement Carousel

 

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में जंगली हाथी के हमले ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। मंगलवार तड़के शौच के लिए घर से निकले पति-पत्नी पर एक दंतैल हाथी ने हमला कर दिया। हाथी के हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार यह घटना राजपुर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत कुंदी कला गांव के बांधपारा जंगल के समीप हुई। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 5 बजे दंपति रोजाना की तरह शौच के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान जंगल के पास उनका सामना हाथियों के दल से बिछड़े एक दंतैल हाथी से हो गया।

संभलने का मौका भी नहीं मिला

ग्रामीणों के मुताबिक हाथी ने दंपति को देखते ही आक्रामक रुख अपना लिया और उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से दोनों संभल भी नहीं सके। दंतैल ने उन्हें बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

कई दिनों से क्षेत्र में घूम रहा है हाथियों का दल

बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से कल्याणपुर क्षेत्र में पांच हाथियों का एक दल लगातार विचरण कर रहा है। आशंका है कि इसी दल से अलग हुआ दंतैल हाथी आबादी वाले इलाके के करीब पहुंच गया था और उसने यह दर्दनाक वारदात को अंजाम दिया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

ग्रामीणों में आक्रोश और डर

लगातार हाथियों की आवाजाही से ग्रामीण पहले ही परेशान थे। अब दंपति की मौत के बाद लोगों में दहशत और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की निगरानी बढ़ाने और गांवों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

यह घटना एक बार फिर मानव-हाथी संघर्ष की गंभीर समस्या को उजागर करती है, जहां जंगल से भटके हाथी आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचकर जान-माल का नुकसान कर रहे हैं।