दिल्ली में एनडीए का शक्ति प्रदर्शन: प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में कल होगी मुख्यमंत्रियों की अहम बैठक, 2029 की रणनीति पर भी मंथन

नई दिल्ली। केंद्र में एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 10 जून को राजधानी नई दिल्ली के भारत मंडपम में एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भाग लेंगे।
बैठक में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों, विकास योजनाओं की प्रगति और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके अलावा सुशासन के मॉडल, संगठनात्मक मजबूती और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर भी विचार-विमर्श होगा।
2029 के मिशन पर भी होगी चर्चा
सूत्रों के अनुसार बैठक में आगामी लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2029 की रणनीति, युवाओं को भारतीय जनता पार्टी से जोड़ने के प्रयास और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की भविष्य की कार्ययोजना पर भी मंथन किया जाएगा। एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर सभी मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई भी देंगे।
अमित शाह समेत वरिष्ठ नेता रहेंगे मौजूद
बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। राज्यों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और विकास परियोजनाओं पर भी चर्चा होने की संभावना है।
दिल्ली रवाना होंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
बैठक में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 9 जून की शाम नई दिल्ली रवाना होंगे। वे 11 जून को आयोजित नीति आयोग की बैठक में भी हिस्सा लेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री हैदराबाद में आयोजित निवेशक सम्मेलन में भाग लेने जाएंगे।
मुख्यमंत्री के साथ उनके प्रमुख सचिव सुबोध सिंह और जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल भी इस दौरे पर रहेंगे।





