अयोध्या पहुंचे सीएम योगी, राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर बोले- SIT जांच से सामने आएगा सच

० सपा पर साधा निशाना, कहा- रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले आज दे रहे उपदेश
अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर उठे विवाद के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को पहली बार अयोध्या पहुंचे। यहां आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े मामले में एसआईटी जांच का जिक्र करते हुए कहा कि जांच पूरी निष्पक्षता से होगी और दूध का दूध, पानी का पानी सामने आ जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रस्ट के अनुरोध पर सरकार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है और जांच के निष्कर्ष तथ्यों के आधार पर सामने आएंगे। उन्होंने सभी पक्षों से अपील करते हुए कहा कि कोई भी ऐसी अनर्गल टिप्पणी न करे जिससे रामभक्तों की भावनाएं आहत हों।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना झलकारी बाई को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश की आजादी के लिए अंग्रेजों को कड़ी चुनौती दी थी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रनायकों और वीरांगनाओं का सम्मान नई पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति के लिए प्रेरित करता है। इसी सोच के तहत प्रदेश सरकार ने झलकारी बाई, अवंतीबाई और ऊदा देवी पासी के नाम पर पीएसी की तीन महिला बटालियन स्थापित की हैं, जिनमें केवल बेटियों की भर्ती की जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी ने समाजवादी पार्टी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग रामभक्तों पर गोली चलवाने के लिए जिम्मेदार रहे, वे आज रामभक्तों के सम्मान की बात कर रहे हैं। उन्होंने विपक्ष पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछली सरकारों में विकास और जनकल्याण की बजाय परिवारवाद को प्राथमिकता दी गई।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने गरीबों के लिए शौचालय, राशन और आधारभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की है, जबकि पूर्ववर्ती सरकारों में आम लोगों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश आज विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक गौरव के नए दौर से गुजर रहा है।




