राहुल गांधी रायपुर पहुंचे, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत,अभनपुर के संगठन शिविर में जिलाध्यक्षों को देंगे जीत का मंत्र

० बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर रहेगा फोकस
रायपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रविवार को एक दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचे। स्वामी विवेकानंद विमानतल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और उत्साहपूर्ण नारों के बीच राहुल गांधी का अभिनंदन किया गया।
एयरपोर्ट पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, प्रदेश प्रभारी Sachin Pilot, पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel सहित कई वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहे। स्वागत के बाद राहुल गांधी सीधे अभनपुर के लिए रवाना हो गए।
‘संगठन सृजन’ शिविर में नेताओं को देंगे राजनीतिक मार्गदर्शन
अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर में राहुल गांधी जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान वे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, चुनावी रणनीति और जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने के संबंध में मार्गदर्शन देंगे।
सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी प्रत्येक जिलाध्यक्ष से सीधे चर्चा कर उनके क्षेत्र की राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों की जानकारी भी लेंगे। साथ ही आगामी चुनावों को लेकर लक्ष्य आधारित कार्ययोजना पर भी जोर देंगे।
2028 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस
अभनपुर स्थित प्रशिक्षण केंद्र में चल रहा यह आवासीय शिविर कांग्रेस की दीर्घकालिक संगठनात्मक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी इस कार्यक्रम के माध्यम से 2028 विधानसभा चुनाव और आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को तैयार कर रही है।
राहुल गांधी करीब साढ़े तीन घंटे तक शिविर में मौजूद रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम को वे रायपुर लौटेंगे और वहां से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।





