अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पावर कंपनी में सामूहिक योगाभ्यास, शीर्षासन और सेतुबंधासन ने बटोरीं सुर्खियां

रायपुर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ मुख्यालय में रविवार को सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग और प्राणायाम के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
पावर कंपनी मुख्यालय स्थित लोड डिस्पेच सेंटर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग के सदस्य विवेक गनोदवाले, प्रबंध निदेशक एस.के. कटियार और राजेश कुमार शुक्ला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। योग प्रशिक्षक डॉ. आनंद भारतीय ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार सभी को योगाभ्यास कराया।
कार्यक्रम के दौरान कार्यपालक निदेशक संजय पटेल ने शीर्षासन और मयूरासन का प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं नन्हीं विराध्या वर्मा ने सेतुबंधासन प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा गुढ़ियारी के खेलन यादव ने बकासन और सेवानिवृत्त कर्मचारी मूल सजीवन शर्मा ने शीर्षासन का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर डायटिशियन शिल्पी गोयल ने संतुलित आहार, पर्याप्त धूप, स्वच्छ हवा और शुद्ध जल के महत्व पर जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों का सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक के.एस. मनोठिया, मुख्य अभियंता रश्मि वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच.एल. पंचारी सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ और निरोग जीवन अपनाने का संकल्प लिया।





