#प्रदेश

आवास मेला-2025 के लक्की ड्रॉ में बरसी खुशियों की सौगात, पूजा बरेठ ने जीती मारुति स्विफ्ट कार

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय आवास मेला-2025 के तहत सोमवार को नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंडल मुख्यालय में विशेष लक्की ड्रॉ का आयोजन किया गया। पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया के तहत आयोजित इस ड्रॉ में आवासीय एवं व्यावसायिक योजनाओं के हितग्राहियों को कार, बाइक, स्कूटी, फ्रिज, वाशिंग मशीन और एलईडी टीवी सहित कई आकर्षक उपहारों की सौगात मिली।

मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव और आयुक्त अवनीश शरण की उपस्थिति में संपन्न हुए कार्यक्रम में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की पूजा बरेठ सबसे बड़ी विजेता रहीं। उन्होंने अटल विहार योजना, दानसरा में एलआईजी मकान बुक कराया था और बम्पर पुरस्कार के रूप में मारुति स्विफ्ट कार अपने नाम की।

कोरबा जिले के खरमोरा निवासी रवि प्रकाश राठौर ने होंडा शाइन मोटरसाइकिल जीती, जबकि कृष्ण कुमार को होंडा एक्टिवा स्कूटी मिली। दोनों ने अटल विहार योजना, गोकुल नगर में संपत्ति खरीदी थी।

फ्रिज के विजेताओं में जगदीशपुर की सुषमा गुप्ता और अभिलाषा परिसर के अरुण कुमार प्रधान शामिल रहे। वहीं वाशिंग मशीन ओम सोनी (बोदरी, बिलासपुर) और रेणुका घृतलहरे (कोहका-तिल्दा) के नाम रही।

एलईडी टीवी पुरस्कार दुर्ग के गजेन्द्र कुमार यादव और नवा रायपुर के संजीत कुमार साह को मिला।

मंडल अधिकारियों ने बताया कि आवास मेला-2025 तथा 31 दिसंबर 2025 तक विभिन्न योजनाओं में पंजीयन कराने वाले पात्र हितग्राहियों को इस विशेष लक्की ड्रॉ में शामिल किया गया था। ड्रॉ प्रक्रिया हितग्राहियों और मीडिया प्रतिनिधियों की मौजूदगी में लॉटरी पद्धति से संपन्न कराई गई।

मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि गृह निर्माण मंडल नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराने के साथ-साथ हितग्राही-केंद्रित योजनाओं के जरिए अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। वहीं आयुक्त अवनीश शरण ने हितग्राहियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी मंडल की योजनाओं से जुड़ने की अपील की।

विशेष लक्की ड्रॉ के विजेताओं को उनके पुरस्कार 25 जून 2026 को सर्किट हाउस, नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित सम्मान समारोह में प्रदान किए जाएंगे।