GST विभाग का बड़ा एक्शन: रायपुर में 1 करोड़ की टैक्स चोरी का खुलासा, कई उद्योगों पर छापेमारी

रायपुर। राज्य जीएसटी विभाग ने रायपुर जिले के आरंग और अभनपुर क्षेत्र में संचालित विभिन्न उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का खुलासा किया है। पिछले एक सप्ताह से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिस्किट, बेकरी, बारदाना, पोल्ट्री, पेवर ब्लॉक और पेयजल कारोबार से जुड़े कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कई कारोबारी बड़े पैमाने पर उत्पादन और कारोबार करने के बावजूद या तो जीएसटी रिटर्न दाखिल नहीं कर रहे थे या वास्तविक कारोबार की तुलना में बेहद कम टर्नओवर दर्शा रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक अभनपुर के कोलर स्थित एक बिस्किट फैक्ट्री, सेजबहार क्षेत्र के किराना एवं बेकरी कारोबारियों सहित कई पोल्ट्री संचालकों के यहां करोड़ों रुपये के कर अपवंचन के साक्ष्य मिले हैं।
ऊंची दीवारों के पीछे चल रहा था खेल
जांच में यह भी सामने आया कि कई फैक्ट्रियां बंद परिसरों और ऊंची दीवारों के भीतर संचालित की जा रही थीं, जिससे उनके वास्तविक कारोबार का पता लगाना मुश्किल था। कर्मचारियों को गतिविधियों की जानकारी सार्वजनिक न करने के निर्देश दिए गए थे। वहीं, कई मामलों में बिना वैध इनवॉइस के माल की ढुलाई भी की जा रही थी।
पहले गोपनीय निगरानी, फिर छापेमारी
जीएसटी विभाग ने कार्रवाई से पहले कई दिनों तक संबंधित प्रतिष्ठानों की गोपनीय रेकी की। अधिकारियों ने माल ढुलाई करने वाले वाहनों की निगरानी, वीडियो रिकॉर्डिंग और स्थानीय स्तर पर सूचनाएं जुटाने के बाद पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर छापेमारी की कार्रवाई की।
कर चोरी पर अब और सख्ती
विभागीय अधिकारियों के अनुसार जीएसटी कानून में हुए नए संशोधनों के बाद कर चोरी और फर्जीवाड़े के मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ गैर-जमानती धाराएं भी लागू की जा सकती हैं।
जांच जारी, और बड़े खुलासों के संकेत
स्टेट जीएसटी आयुक्त पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि बाहरी क्षेत्रों में संचालित बड़े कारोबारों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। शुरुआती जांच में ही बड़ी टैक्स चोरी सामने आई है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।




