#प्रदेश

CG Breaking :बस्तर को मिला नया आईजी: बद्रीनारायण मीणा संभालेंगे कमान, सुंदरराज पी बने NIA में आईजी

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी बद्रीनारायण मीणा को बस्तर रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नियुक्त किया है। गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, वर्तमान में पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर में पदस्थ बद्रीनारायण मीणा को आगामी आदेश तक आईजी बस्तर रेंज, जगदलपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बस्तर रेंज राज्य के सबसे संवेदनशील और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शामिल है, ऐसे में यह नियुक्ति प्रशासनिक और सुरक्षा दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

सुंदरराज पी के NIA जाने के बाद खाली हुआ था पद

बस्तर आईजी का पद उस समय रिक्त हुआ था जब छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुंदरराज पी को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में इंस्पेक्टर जनरल (IG) के पद पर नियुक्त किया गया। केंद्र सरकार ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए NIA में पदस्थ किया है।

नक्सल विरोधी अभियानों का प्रमुख चेहरा रहे सुंदरराज पी

वर्ष 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी सुंदरराज पी लंबे समय तक बस्तर रेंज के आईजी रहे। उन्हें छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियानों का सबसे प्रभावशाली अधिकारी माना जाता है।

उनके नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने बस्तर के दुर्गम और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाए, जिससे माओवादी संगठन को बड़ा नुकसान पहुंचा। उनके कार्यकाल में कई बड़े नक्सली मारे गए, बड़ी संख्या में नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया और सुरक्षा बलों की पहुंच अबूझमाड़ जैसे चुनौतीपूर्ण इलाकों तक बढ़ी।

विकास और सुरक्षा को साथ लेकर चले सुंदरराज

सुंदरराज पी ने केवल सुरक्षा अभियानों पर ही नहीं, बल्कि खुफिया तंत्र को मजबूत करने, स्थानीय युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने, नए सुरक्षा कैंप स्थापित करने तथा सड़क और विकास कार्यों को गति देने पर भी विशेष ध्यान दिया। उनकी रणनीति ने बस्तर में सुरक्षा और विकास दोनों को नई दिशा दी।

अब बद्रीनारायण मीणा के सामने बड़ी चुनौती

बस्तर रेंज की कमान संभालने जा रहे बद्रीनारायण मीणा के सामने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। सरकार और पुलिस मुख्यालय को उनसे बस्तर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की उम्मीद है।