#प्रदेश

रायपुर पहुंचे केसी वेणुगोपाल, बोले- देश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात, जनहित के मुद्दों से ध्यान भटका रही भाजपा

Advertisement Carousel

 

रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने गुरुवार को रायपुर पहुंचकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में आज अघोषित आपातकाल जैसे हालात पैदा कर दिए गए हैं और भाजपा की कथनी व करनी में बड़ा अंतर दिखाई देता है।

संगठन को मजबूत करने देशभर में अभियान

वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए देशभर में ‘संगठन सृजन अभियान’ चला रही है। उन्होंने बताया कि अब तक नौ राज्यों में यह अभियान सफलतापूर्वक आयोजित किया जा चुका है और आने वाले समय में इसे अन्य राज्यों में भी विस्तार दिया जाएगा।

भाजपा पर इतिहास बदलने का आरोप

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि भाजपा सरकार देश के वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाकर इतिहास को बदलने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की प्राथमिकता शिक्षा, रोजगार और महंगाई जैसे विषय नहीं, बल्कि राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाना है।

नीट परीक्षा को लेकर सरकार पर निशाना

उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में विफल रही है। वेणुगोपाल ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में लगातार उठ रहे सवाल छात्रों और अभिभावकों की चिंताओं को बढ़ा रहे हैं।

जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप

राम मंदिर और धार्मिक मुद्दों पर पूछे गए सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि इन विषयों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वयं जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धार्मिक भावनाओं का राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।

वेणुगोपाल ने कहा कि देश की जनता आज बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा घोटालों जैसी समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार इन मुद्दों का समाधान करने के बजाय जनता का ध्यान भटकाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और जनता की आवाज बनने का काम करेगी।