केतन अग्रवाल हत्याकांड: गूगल पर मौत का प्लान, मंगेतर और प्रेमी ने रची खौफनाक साजिश,हुए कई खुलासे

० ऑनलाइन खोजे हत्या के तरीके, कई बार किया रिहर्सल, फिर किले से धक्का देकर उतारा मौत के घाट
पुणे। महाराष्ट्र के चर्चित रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान एक के बाद एक सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं। जांच में सामने आया है कि मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने हत्या की पूरी साजिश पहले से रची थी। दोनों ने गूगल पर हत्या के अलग-अलग तरीके खोजे, कई बार रिहर्सल किया और आखिरकार लोहागढ़ किले से धक्का देकर केतन की हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने हत्या को हादसे का रूप देने के लिए ऑनलाइन जहर देने समेत कई तरीकों की जानकारी जुटाई थी। इतना ही नहीं, दोनों ने लोहागढ़ किले पर पहले से ऐसी जगह भी चिन्हित कर ली थी, जहां से धक्का देने पर मामला दुर्घटना जैसा लगे।
18 जून को दिया वारदात को अंजाम
पुलिस जांच के अनुसार, 18 जून की सुबह करीब 10:30 बजे सिया गोयल अपने मंगेतर केतन अग्रवाल को लेकर लोहागढ़ किले पहुंची। कुछ देर बाद चेतन चौधरी भी वहां पहुंच गया। दोनों ने मिलकर केतन को गहरी खाई में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हादसा बताकर गुमराह करने की कोशिश
वारदात के बाद सिया ने पूरी घटना को हादसा साबित करने की कोशिश की। उसने दावा किया कि फोटो खिंचवाते समय केतन का पैर फिसल गया था। संदेह से बचने के लिए उसने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट भी साझा की, लेकिन पुलिस जांच में उसकी साजिश बेनकाब हो गई।
परिवार के दबाव से परेशान थे दोनों
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सिया और चेतन लंबे समय से रिश्ते में थे, लेकिन पारिवारिक और सामाजिक दबाव के कारण सिया की शादी केतन से तय हो गई थी। दोनों इस शादी को रुकवाने में नाकाम रहे, जिसके बाद उन्होंने केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पहले भी किया था हत्या का प्रयास
जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों ने 14 जून को भी लोहागढ़ किले पर केतन की हत्या करने की कोशिश की थी, लेकिन योजना सफल नहीं हो सकी। इसके बाद उन्होंने दूसरी बार पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है, ताकि साजिश से जुड़े हर पहलू का खुलासा किया जा सके।





