CG Weather Update: मानसून की सुस्त रफ्तार से उमस बढ़ी, आज कई जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक के बावजूद अपेक्षित बारिश नहीं होने से राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में उमस लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। मौसम विभाग का रायपुर में लगातार बारिश का पूर्वानुमान फिलहाल सटीक साबित नहीं हो पाया है। हालांकि, विभाग ने 29 जून से अगले चार दिनों तक पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई है। साथ ही दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले तीन दिनों में प्रदेश के शेष हिस्सों तक पहुंचने के आसार हैं।
प्रदेश के कई जिलों में हुई अच्छी बारिश
रविवार को प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। कोहकामेटा में 7 सेंटीमीटर, कोंटा में 6 सेंटीमीटर और खड़गांव में 5 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं करपावंड, फरसगांव, मानपुर, नारायणपुर, मर्दापाल, रामचंद्रपुर और गंडई में 4-4 सेंटीमीटर तथा बकावंड, मुंगेली, दुर्ग, कटेकल्याण और औंधी में 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई। प्रदेश में सबसे अधिक 40 डिग्री सेल्सियस तापमान राजनांदगांव में, जबकि सबसे कम 23.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।
सक्रिय मौसम प्रणालियों का दिखेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब से बिहार तक समुद्र तल पर मौसमी द्रोणिका सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर-पूर्व मध्यप्रदेश से विदर्भ और तेलंगाना तक एक अन्य द्रोणिका बनी हुई है। मध्यप्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है, जबकि तटीय आंध्रप्रदेश से छत्तीसगढ़ होते हुए मध्य महाराष्ट्र तक एक और द्रोणिका प्रभावी है। इन सभी मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी वर्षा की संभावना है।
इन जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर और नारायणपुर जिलों के लिए गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।





