आषाढ़ के प्रथम दिवस पर भव्य आगाज़: रामगढ़ महोत्सव-2026 का शुभारंभ, संस्कृति और इतिहास का संगम बना सरगुजा

० पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया उद्घाटन, समापन समारोह में शामिल होंगे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
सरगुजा। आषाढ़ मास के प्रथम दिवस पर सरगुजा की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक विरासत के प्रतीक दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव-2026 का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने महोत्सव का उद्घाटन किया। पारंपरिक संस्कृति, लोक कला और ऐतिहासिक धरोहरों से सजे इस आयोजन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, साहित्यकार, इतिहासकार और नागरिक शामिल हुए।
उद्घाटन समारोह में स्कूली बच्चों और स्थानीय कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जबकि नई दिल्ली से आए कलाकारों द्वारा मंचित भव्य रामलीला ने दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि रामगढ़ महोत्सव प्रदेश के इतिहास, लोक संस्कृति, साहित्य, पुरातत्व और पर्यटन का अनूठा संगम है, जो नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली विरासत से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगा।
मंत्री ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव के 50 वर्ष पूरे होने पर इसका आयोजन विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि रामगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
महोत्सव के दौरान आगंतुकों को सीताबेंगरा गुफा, जोगीमारा गुफा, रामगढ़ पर्वत श्रृंखला सहित अन्य ऐतिहासिक और पुरातात्विक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। विशेषज्ञ इन स्थलों के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी भी देंगे।
सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि रामगढ़ भारत की प्राचीन सांस्कृतिक चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र है और इसे विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। वहीं लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने रामगढ़ की ऐतिहासिक और प्राकृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में कलेक्टर अजीत वसंत सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, साहित्यकार और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। महोत्सव का समापन समारोह मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मुख्य आतिथ्य में आयोजित होगा।





