डिजिटल दुनिया में छाएगा छत्तीसगढ़: इन्फ्लुएंसर मीट से पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान

० मैनपाट, सतरेंगा और रामगढ़ महोत्सव का अनुभव कर रहे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, करोड़ों लोगों तक पहुंचेगी प्रदेश की सांस्कृतिक और प्राकृतिक पहचान
रायपुर। छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल ने 26 से 30 जून तक पाँच दिवसीय ‘इन्फ्लुएंसर मीट एवं फेमिलराइजेशन (FAM) टूर’ का आयोजन किया है। इस पहल के तहत राज्य के प्रमुख सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर डिजिटल माध्यमों से छत्तीसगढ़ की खूबसूरती को करोड़ों दर्शकों तक पहुंचा रहे हैं।
इस विशेष टूर के दौरान इन्फ्लुएंसर्स मैनपाट, सतरेंगा और रामगढ़ महोत्सव का अनुभव ले रहे हैं। वे यहां की प्राकृतिक वादियों, जनजातीय संस्कृति, लोककलाओं, ऐतिहासिक धरोहरों और पर्यटन सुविधाओं को करीब से जान रहे हैं। साथ ही फोटो, वीडियो और रचनात्मक डिजिटल कंटेंट तैयार कर विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा कर रहे हैं।
मैनपाट अपनी मनोरम वादियों, तिब्बती संस्कृति और झरनों के लिए प्रसिद्ध है, जबकि सतरेंगा इको-टूरिज्म और वॉटर एडवेंचर का तेजी से उभरता पर्यटन केंद्र बन चुका है। वहीं रामगढ़ महोत्सव के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और ऐतिहासिक धरोहरों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल रही है।
यह आयोजन पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में, पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, प्रबंध संचालक विवेक आचार्य तथा उपमहाप्रबंधक पूनम शर्मा के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का समापन 30 जून को होगा।
पर्यटन विभाग का मानना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर साझा की जाने वाली यह सामग्री छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगी। इसके साथ ही पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, हस्तशिल्प, लोककला, ग्रामीण पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।




