छत्तीसगढ़ में मानसून होगा सक्रिय, 1 जुलाई से बारिश पकड़ेगी रफ्तार; कई जिलों में भारी वर्षा और वज्रपात का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो रही है, जबकि कई इलाकों में अब भी उमस और गर्मी बनी हुई है। राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह से बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग ने 1 जुलाई से पूरे प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में तेजी आने का अनुमान जताया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न संभागों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सक्ती, कोंटा, नानगुर, भोपालपटनम, तोकापाल, तिल्दा और मुंगेली में तीन-तीन सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं नारायणपुर, जगरगुंडा, जगदलपुर और मर्रीबंगला देवरी में दो-दो सेंटीमीटर बारिश हुई। हरदीबाजार, मनोरा, चंद्रपुर, नवागढ़, पेंड्रा, छुरिया, खरसिया, खैरागढ़, भोथिया और गंगालूर सहित कई क्षेत्रों में एक-एक सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पंजाब से हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार तक मौसमी द्रोणिका सक्रिय है। इसके अलावा उत्तरी तेलंगाना के आसपास चक्रवाती परिसंचरण और पूर्वी उत्तर प्रदेश से मणिपुर तक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका बनी हुई है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
आज कुछ इलाकों में छुटपुट बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक, वज्रपात और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।





