इंडिगो फ्लाइट में 3 वर्षीय मासूम की बिगड़ी तबीयत, मेडिकल इमरजेंसी में सूरत में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

० अहमदाबाद से मुंबई जा रही फ्लाइट में बच्चा हुआ बेहोश, पायलट की सूझबूझ से समय पर पहुंचे अस्पताल
सूरत। अहमदाबाद से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट (6E-7018) में सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तीन वर्षीय मासूम की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। स्थिति गंभीर होते देख पायलट ने तुरंत मेडिकल इमरजेंसी घोषित करते हुए विमान की सूरत एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग कराई। बच्चे को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
फ्लाइट में मौजूद डॉक्टरों ने दी प्राथमिक चिकित्सा
जानकारी के अनुसार, बच्चे की पहचान सौरभ के रूप में हुई है। उड़ान के दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। विमान में मौजूद दो डॉक्टरों ने तत्काल प्राथमिक उपचार देने का प्रयास किया, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर सूरत में इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।
एयरपोर्ट पर पहले से तैयार थी मेडिकल टीम
मेडिकल इमरजेंसी की सूचना मिलते ही सूरत एयरपोर्ट प्रशासन सक्रिय हो गया। विमान के उतरने से पहले ही सीआईएसएफ, एयरपोर्ट मेडिकल टीम और इंडिगो की ग्राउंड स्टाफ को रनवे पर तैनात कर दिया गया। विमान के सुरक्षित उतरते ही डॉक्टरों ने बच्चे की जांच की और प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस से उसे निजी अस्पताल पहुंचाया।
समय रहते मिला इलाज
पायलट की त्वरित सूझबूझ और एयरपोर्ट प्रशासन की तत्परता के चलते बच्चे को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी। फिलहाल उसकी हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।




