हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स की नैफ्था पाइपलाइन में भीषण विस्फोट : आग से 15 लोग झुलसे, रेल सेवा भी प्रभावित

० तड़के हुए धमाके के बाद कई घरों तक पहुंचीं आग की लपटें, 12 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा, दो घायलों की हालत गंभीर
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले स्थित हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स की नैफ्था सप्लाई पाइपलाइन में मंगलवार तड़के हुए भीषण विस्फोट के बाद लगी आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अब तक करीब 15 लोग झुलस गए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 12 गाड़ियों को मौके पर लगाया गया।
पाइपलाइन विस्फोट के बाद रिहायशी इलाके तक पहुंची आग
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब चार बजे नैफ्था पाइपलाइन में अचानक विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैलते हुए हल्दिया नगर पालिका के वार्ड-13 स्थित चिरंजीबपुर क्षेत्र तक पहुंच गई। आग की लपटों से आसपास के कई मकान भी चपेट में आ गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई और वे घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
15 घायल, पांच को किया गया रेफर
दमकल और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में झुलसे 15 लोगों को हल्दिया महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को बेहतर इलाज के लिए तमलुक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
गैस रिसाव से विस्फोट की आशंका
घटना के बाद हल्दिया के विधायक प्रदीप बिजली अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने प्रारंभिक तौर पर नैफ्था गैस के रिसाव के कारण विस्फोट होने की आशंका जताई। हालांकि, रिसाव की वास्तविक वजह का अभी पता नहीं चल सका है।
कंपनी ने शुरू की जांच
हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स प्रबंधन ने बयान जारी कर कहा है कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। कंपनी के अनुसार, फिलहाल कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
रेल यातायात पर भी पड़ा असर
विस्फोट का प्रभाव हल्दिया-पांशकुड़ा रेल मार्ग पर भी पड़ा है। आग की चपेट में आने से ओवरहेड बिजली लाइन, ट्रांसफार्मर और रेलवे ट्रैक का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। एहतियात के तौर पर हल्दिया से हावड़ा जाने वाली यात्री ट्रेन को रोक दिया गया है, जिससे रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
क्या है नैफ्था?
नैफ्था कच्चे तेल के शोधन से प्राप्त अत्यधिक ज्वलनशील और वाष्पशील हाइड्रोकार्बन तरल पदार्थ है। इसका उपयोग मुख्य रूप से पेट्रोकेमिकल उद्योग में प्लास्टिक, रबर और अन्य रसायनों के निर्माण के साथ-साथ पेट्रोल की गुणवत्ता बढ़ाने, पेंट, वार्निश, पॉलिश और ड्राई क्लीनिंग जैसे कार्यों में किया जाता है।





