कोरबा में आकाशीय बिजली का कहर, इमली के पेड़ पर गिरी बिजली से 6 साइबेरियन पक्षियों की मौत

० हजारों किलोमीटर उड़कर हर साल आते थे विदेशी मेहमान, घटना से ग्रामीणों में दहशत; तड़ित चालक की जांच की मांग
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रामपुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 6 साइबेरियन पक्षियों की मौत हो गई। सभी पक्षी गांव के एक इमली के पेड़ पर बसेरा बनाए हुए थे। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, करतला वनमंडल क्षेत्र के रामपुर गांव में हर वर्ष साइबेरिया से हजारों किलोमीटर का सफर तय कर ये विदेशी पक्षी पहुंचते हैं। बरसात के मौसम में ये यहीं घोंसले बनाकर अपने बच्चों का पालन-पोषण करते हैं और बच्चों के उड़ने योग्य होने के बाद वापस अपने मूल स्थान लौट जाते हैं।
ग्रामीण इन साइबेरियन पक्षियों को शुभ संकेत मानते हैं। उनका विश्वास है कि इनके आगमन से गांव में खुशहाली और अच्छी बारिश होती है। लेकिन इस बार गरज-चमक के साथ हुई बारिश के दौरान इमली के पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे वहां बसेरा बनाए छह पक्षियों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत पक्षियों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
वहीं, ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि गांव में तड़ित चालक (Lightning Arrester) लगे होने के बावजूद पेड़ पर बिजली कैसे गिर गई। उन्होंने तड़ित चालक की जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।





