#प्रदेश

बलौदाबाजार में दर्दनाक सड़क हादसा, कैप्सूल वाहन ने बाइक को मारी टक्कर; शराब दुकान के दो कर्मचारियों की मौत

Advertisement Carousel

० ड्यूटी से लौट रहे थे दोनों युवक, अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम; पुलिस जांच में जुटी

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में शराब दुकान के दो कर्मचारियों की मौत हो गई। पलारी थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान सत्यप्रकाश सोनवानी (34) निवासी खोरसीनाला लवन रोड और गोपी किशन आडिल (25) निवासी ग्राम सोनपुरी के रूप में हुई है। दोनों सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के रहने वाले थे और पलारी थाना क्षेत्र के संडी स्थित शराब दुकान में कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे।

ग्राम घोटिया के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम घोटिया के पास कैप्सूल वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पलारी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। आरोपी वाहन चालक की तलाश और दुर्घटना की परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।