रायपुर में बड़ा हादसा: सोलर पैनल लगाते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए दो टेक्निशियन, मौके पर मौत

रायपुर। राजधानी रायपुर में शनिवार को सोलर पैनल लगाने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र स्थित प्रोफेसर कॉलोनी में एक मकान की छत पर काम कर रहे दो सोलर टेक्निशियन हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतकों की पहचान प्रमोद चंद्राकर (25) और आशीष चंद्राकर (19) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को तीन मजदूर एक मकान की छत पर सोलर पैनल लगाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान छत के पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में प्रमोद और आशीष आ गए। तेज करंट लगने से दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा काम के दौरान हाईटेंशन लाइन के अत्यधिक नजदीक आने से हुआ। हालांकि, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं और हादसे में किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं बरती गई।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने ऊंचाई पर बिजली लाइनों के पास काम करने के दौरान सुरक्षा उपायों को लेकर गंभीर चिंता जताई है।




