बालाघाट में दर्दनाक हादसा: कुएं में जहरीली गैस से दम घुटने पर दो किसानों की मौत, मोटरपंप सुधारने उतरे थे दोनों

बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में खेत के कुएं में मोटरपंप ठीक करने उतरे दो किसानों की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। लंबे समय से बंद पड़े कुएं में ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैस के कारण दोनों बेहोश होकर गिर पड़े। देर रात तक चले एसडीआरएफ के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शव बाहर निकाले गए।
मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के किरनापुर थाना क्षेत्र स्थित पिपरटोला गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत के कुएं में खराब मोटरपंप ठीक करने उतरे दो किसानों की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, पिपरटोला निवासी युवराज बिसेन (55) अपने खेत के पीछे बने कुएं में खराब हुई मोटरपंप की मरम्मत करने शाम करीब छह बजे उतरे थे। उनके साथ महेश चौधरी (45) भी कुएं में गए। बताया जा रहा है कि यह कुआं लंबे समय से बंद पड़ा था, जिससे उसके भीतर जहरीली गैस जमा हो गई थी।
बेहोश होकर कुएं में गिर पड़े
जैसे ही दोनों किसान कुएं के अंदर पहुंचे, ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैस के कारण उनका दम घुटने लगा। कुछ ही देर में दोनों बेहोश होकर कुएं के अंदर गिर पड़े। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही किरनापुर पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। कुएं में जहरीली गैस होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। सुरक्षा उपकरणों की मदद से एसडीआरएफ ने देर रात तक अभियान चलाकर दोनों किसानों के शव कुएं से बाहर निकाले।
जहरीली गैस से दम घुटने से हुई मौत
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत की वजह जहरीली गैस से दम घुटना माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी। मामले की जांच जारी है।





