‘भ्रामक खबरों की बढ़ती होड़ लोकतंत्र के लिए खतरा’, प्रेस क्लब रायपुर में बोले जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल

० रायपुर प्रेस क्लब के ‘हमर पहुना’ कार्यक्रम में जिम्मेदार पत्रकारिता, मीडिया की विश्वसनीयता और प्रेस क्लब के विकास पर हुआ मंथन
रायपुर। डिजिटल दौर में तेजी से बदलते मीडिया परिदृश्य के बीच जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल ने भ्रामक खबरों के बढ़ते चलन पर चिंता जताई। रायपुर प्रेस क्लब के ‘हमर पहुना’ कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि अटेंशन पाने की होड़ में फैल रही मिसलीडिंग खबरें लोकतंत्र और समाज दोनों के लिए गंभीर चुनौती बन रही हैं।
‘तथ्यपरक पत्रकारिता ही मीडिया की सबसे बड़ी ताकत’
रायपुर प्रेस क्लब के ‘हमर पहुना’ कार्यक्रम में जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल ने कहा कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते प्रभाव के बीच पत्रकारिता की जिम्मेदारी पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि “अटेंशन की होड़ में मिसलीडिंग (भ्रामक) खबरों का बढ़ना लोकतंत्र और समाज दोनों के लिए चिंता का विषय है।”
उन्होंने जोर देकर कहा कि तथ्यपरक, संतुलित और जिम्मेदार पत्रकारिता ही मीडिया की वास्तविक ताकत है और यही लोकतंत्र को मजबूत बनाए रख सकती है।

मीडिया और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
कार्यक्रम में रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा भी मौजूद रहे। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकारों ने मीडिया और जनसंपर्क विभाग के बीच बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और नियमित संवाद को लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद जरूरी बताया।
पत्रकारिता के मूल्यों और प्रेस क्लब के विकास पर चर्चा
‘हमर पहुना’ कार्यक्रम में प्रेस क्लब के पदाधिकारियों, वरिष्ठ पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों ने पत्रकारिता की वर्तमान चुनौतियों, बदलते मीडिया परिवेश, पेशे की विश्वसनीयता तथा रायपुर प्रेस क्लब के विकास को लेकर विस्तृत और सार्थक विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम में इस बात पर भी सहमति जताई गई कि बदलते समय में पत्रकारिता के मूल मूल्यों को बनाए रखते हुए समाज के प्रति जवाबदेह और निष्पक्ष पत्रकारिता को बढ़ावा देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।




