#राष्ट्रीय

NIA के नए IG बने IPS पी. सुंदरराज, कहा– ‘राह नई है, लेकिन सेवा का संकल्प वही है’

Advertisement Carousel

 

० बस्तर में नक्सल विरोधी अभियानों के प्रमुख चेहरे रहे 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी ने संभाला नया दायित्व

दिल्ली। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पी. सुंदरराज ने शुक्रवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में इंस्पेक्टर जनरल (IG) का पदभार संभाल लिया। नई जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने देश सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि नई राह जरूर है, लेकिन सेवा का संकल्प पहले जैसा ही अटूट है।

NIA में नई पारी की शुरुआत

2003 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पी. सुंदरराज ने शुक्रवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में इंस्पेक्टर जनरल (IG) के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा करते हुए सभी शुभचिंतकों, सहयोगियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने लिखा, “राह नई है, लेकिन सेवा का संकल्प वही है। आप सभी का स्नेह और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति और प्रेरणा है।”

सहयोग और विश्वास को बताया सबसे बड़ी ताकत

अपने संदेश में सुंदरराज ने कहा कि अब तक के सेवाकाल में मिले सहयोग, मार्गदर्शन, शुभकामनाओं और अनुभवों ने उन्हें हर चुनौती का सामना करने की शक्ति दी है। उन्होंने विश्वास जताया कि यही समर्थन नई जिम्मेदारी में भी उनका मार्गदर्शन करता रहेगा।उन्होंने कहा कि वे इस नए दायित्व का निर्वहन पूरी विनम्रता, कृतज्ञता और राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ करेंगे।

बस्तर में नक्सल विरोधी अभियान के रहे प्रमुख रणनीतिकार

आईपीएस पी. सुंदरराज लंबे समय तक बस्तर रेंज के आईजी रहे और उन्हें छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियानों का प्रमुख चेहरा माना जाता है। उनके नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने बस्तर के दुर्गम और नक्सल प्रभावित इलाकों में कई सफल अभियान चलाए, जिससे माओवादी संगठन को बड़ा नुकसान पहुंचा।

सुरक्षा के साथ विकास मॉडल पर भी दिया जोर

सुंदरराज ने केवल सुरक्षा अभियानों पर ही नहीं, बल्कि खुफिया तंत्र को मजबूत करने, स्थानीय युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, नए सुरक्षा कैंप स्थापित करने और सड़क व विकास कार्यों को गति देने पर भी विशेष ध्यान दिया। अबूझमाड़ जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की पहुंच बढ़ाने और बड़ी संख्या में नक्सलियों के आत्मसमर्पण में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।NIA में उनकी नियुक्ति को आंतरिक सुरक्षा और आतंकवाद विरोधी अभियानों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।