स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां शुरू: रायपुर में 15 अगस्त को सुबह 9 बजे होगा राज्य स्तरीय समारोह, मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें समारोह को गरिमामय और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां तय की गईं।
पुलिस परेड ग्राउंड में होगा राज्य स्तरीय समारोह
बैठक में बताया गया कि राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में 15 अगस्त को सुबह 9 बजे राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में आकर्षक परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य आयोजन होंगे।
अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां
मुख्य सचिव ने विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं।
० परेड की तैयारी, टुकड़ियों का चयन और रिहर्सल की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल को दी गई है।
० सुरक्षा, यातायात, ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था पुलिस महानिरीक्षक, रायपुर की निगरानी में होगी।
० मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था और साफ-सफाई की जिम्मेदारी रायपुर नगर निगम निभाएगा।
० स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन स्कूल शिक्षा विभाग और संस्कृति विभाग करेंगे।
० बच्चों के रिहर्सल और अन्य व्यवस्थाएं रायपुर कलेक्टर सुनिश्चित करेंगे।
7 से 15 अगस्त तक होगा ‘वंदे मातरम्’ का गायन
बैठक में बताया गया कि ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 7 अगस्त से 15 अगस्त तक आयोजित सभी शासकीय कार्यक्रमों में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा। इसके लिए संस्कृति विभाग जल्द ही विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगा।
जिला और तहसील स्तर पर भी होंगे समारोह
राज्य स्तरीय आयोजन के साथ-साथ जिला और तहसील स्तर पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए भी सामान्य प्रशासन विभाग जल्द दिशा-निर्देश जारी करेगा।
बैठक में रहे मौजूद
बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार, कृषि विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, रायपुर कलेक्टर गौरव कुमार सिंह सहित गृह विभाग और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





