#crime #प्रदेश

बिलासपुर बाल संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा गार्ड की हत्या, हाथ-पैर बांधकर गला घोंटा; 4 बाल अपचारी फरार

Advertisement Carousel

० सुबह परिसर में मिला शव, पुलिस ने शुरू की तलाश; परिजनों ने प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सरकंडा स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में तैनात सुरक्षा गार्ड की हत्या कर दी गई। आरोप है कि चार बाल अपचारियों ने पहले गार्ड के साथ मारपीट की, फिर उसके हाथ-पैर बांधकर गला घोंट दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

बिलासपुर के सरकंडा स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में सोमवार सुबह सुरक्षा गार्ड का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान तखतपुर क्षेत्र के अरईबंद निवासी नरेंद्र कुमार खांडे के रूप में हुई है, जो पिछले एक वर्ष से यहां सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे।

हाथ-पैर बांधकर की हत्या

प्रारंभिक जांच के अनुसार, वारदात में चार बाल अपचारियों के शामिल होने की आशंका है। आरोप है कि उन्होंने पहले सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की, फिर उसके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद गला दबाकर हत्या कर दी और मुंह में गमछा ठूंसकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद मचा हड़कंप

सोमवार सुबह शव मिलने की सूचना पर सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र कुमार खांडे को नियमित साप्ताहिक अवकाश नहीं दिया जाता था। साथ ही परिजनों ने बाल संप्रेक्षण गृह के प्रबंधन पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच जारी है।

फरार बाल अपचारियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने फरार चारों बाल अपचारियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। फॉरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।