#प्रदेश

CG विधानसभा: कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ पेश किया अविश्वास प्रस्ताव, 17 जुलाई को होगी चर्चा

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रस्ताव स्वीकार करते हुए कहा कि इस पर 17 जुलाई, यानी सत्र के अंतिम दिन चर्चा कराई जाएगी।

राज्य गठन के बाद 10वां अविश्वास प्रस्ताव

छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद विधानसभा में यह 10वां अविश्वास प्रस्ताव है। इससे पहले नौ बार विभिन्न सरकारों के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए जा चुके हैं, लेकिन हर बार संबंधित सरकारें सदन में अपना बहुमत साबित करने में सफल रही हैं।

इन मुद्दों पर सरकार को घेरेगी कांग्रेस

अविश्वास प्रस्ताव के जरिए कांग्रेस सरकार को कई अहम मुद्दों पर घेरने की तैयारी में है। इनमें प्रमुख रूप से—

0 नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई
0 प्रदेश की कानून व्यवस्था
0 किसानों की समस्याएं
0 बेरोजगारी
0 भ्रष्टाचार
0 विभिन्न प्रशासनिक मुद्दे

को लेकर सरकार से जवाब मांगा जाएगा।

सरकार गिनाएगी अपनी उपलब्धियां

वहीं भाजपा सरकार चर्चा के दौरान अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और प्रशासनिक उपलब्धियों को सदन में रखेगी और विपक्ष के आरोपों का जवाब देगी।

बीजेपी के पास स्पष्ट बहुमत

विधानसभा में संख्या बल की बात करें तो भाजपा के 54 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के 35 सदस्य हैं। इसके अलावा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का एक विधायक है। ऐसे में संख्या के लिहाज से भाजपा सरकार मजबूत स्थिति में है और अविश्वास प्रस्ताव के पारित होने की संभावना बेहद कम मानी जा रही है।

अब 17 जुलाई को होने वाली चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी राजनीतिक बहस देखने को मिल सकती है।