#प्रदेश

राजिमवासियों को बड़ी सौगात: नगर पंचायत का दर्जा बढ़ाकर बनाई गई नगर पालिका, सरकार ने जारी की अधिसूचना

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राजिमवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी करते हुए राजिम नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा दे दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। नई व्यवस्था के तहत राजिम नगर पंचायत की वर्तमान सीमाएं ही नगर पालिका की सीमाएं रहेंगी।

इस फैसले के बाद राजिम में खुशी का माहौल है और लोगों ने सरकार के निर्णय का स्वागत किया है।

विकास कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने कहा कि राजिम को नगर पालिका का दर्जा मिलने से शहर के सुनियोजित विकास को नई दिशा मिलेगी। साथ ही शहरी विकास के लिए अधिक वित्तीय और प्रशासनिक संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।

बुनियादी सुविधाओं का होगा विस्तार

उन्होंने बताया कि इस फैसले से शहर में—

0 सड़कों का निर्माण और उन्नयन,
0 नाली व्यवस्था,
0 पेयजल आपूर्ति,
0 स्वच्छता व्यवस्था,
0 स्ट्रीट लाइट,
0 उद्यान,
0 सामुदायिक भवन

जैसी आधारभूत सुविधाओं के विकास को और गति मिलेगी।

सरकारी योजनाओं का मिलेगा अधिक लाभ

अरुण साव ने कहा कि नगर पालिका बनने के बाद राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न शहरी विकास योजनाओं का लाभ भी अधिक प्रभावी ढंग से नगरवासियों तक पहुंचाया जा सकेगा। इससे राजिम के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।