CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, रायपुर में छाए काले बादल; कई जिलों में ऑरेंज-यलो अलर्ट जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मंगलवार को गर्मी और उमस से बेहाल लोगों को बुधवार से राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 15 जुलाई से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज होंगी। फिलहाल राज्य में अब तक सामान्य से 29 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
रायपुर में सुबह से बदला मौसम
राजधानी रायपुर में सुबह से आसमान पर काले बादल छाए हुए हैं। कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग ने सुबह के समय बारिश को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बांग्लादेश तट पर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय होगा।
प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है।
रायपुर का आज का मौसम
आसमान में बादल छाए रहेंगे।
गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना।
अधिकतम तापमान: 35°C
न्यूनतम तापमान: 27°C
ऑरेंज अलर्ट वाले जिले
मौसम विभाग ने सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
यलो अलर्ट वाले जिले
इसके अलावा बीजापुर, बालोद, राजनांदगांव, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, कोरिया सहित कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवा और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।




