CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, रायपुर समेत कई जिलों में बारिश के आसार, वज्रपात की चेतावनी जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार अभी भी सुस्त बनी हुई है, लेकिन मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कई दिनों की राहत के बाद बुधवार को राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है।
रायपुर में हल्की बारिश के बाद उमस ने बढ़ाई परेशानी
बुधवार सुबह से राजधानी रायपुर में बादलों की आवाजाही बनी रही। दिन में कई इलाकों में हल्की बारिश हुई, लेकिन इसके बाद उमस और चिपचिपी गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। बारिश के बावजूद मौसम में राहत कम ही महसूस हुई।
सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक रहा रायपुर का तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में अब तक सामान्य से 30 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
राजनांदगांव सबसे गर्म, बिलासपुर सबसे ठंडा
प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, हालांकि कहीं भी भारी बारिश की स्थिति नहीं बनी। बुधवार को राजनांदगांव सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बिलासपुर में न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुआ नया सिस्टम
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के पास एक निम्न दाब का क्षेत्र सक्रिय है। इसके साथ 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिसका असर आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ के मौसम पर देखने को मिलेगा।
आज इन इलाकों में बारिश और वज्रपात के आसार
गुरुवार के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना है। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और वज्रपात हो सकता है। राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने और शाम के समय गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है।





