CG Accident Breaking : दुर्ग में भीषण सड़क हादसा: स्कूटी ट्रैक्टर से टकराई, 3 बच्चों समेत 4 की मौत, एक मासूम घायल

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में 3 बच्चों समेत 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक साल का मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कुम्हारी थाना क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कूटी सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर के पीछे जा घुसी।
जानकारी के मुताबिक, स्कूटी (CG 07 DE 5847) पर दो महिलाओं और तीन बच्चों समेत कुल 5 लोग सवार थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दो महिलाओं और दो बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई। घायल एक वर्षीय बच्चे को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
हाईवे किनारे खड़ा था ट्रैक्टर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर (CG 07 NA 0930) नेशनल हाईवे के किनारे खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कूटी पीछे से ट्रैक्टर में जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान और उनके परिजनों की जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप
घटना के बाद कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि हादसे के समय हाईवे से नेताओं का काफिला गुजर रहा था और पुलिस प्रोटोकॉल ड्यूटी में व्यस्त थी, जिससे राहत कार्य में देरी हुई। हालांकि, पुलिस की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।





