#प्रदेश

रायपुर में स्कूल वाहनों पर ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ओवरलोड ऑटो-ई-रिक्शा चालकों पर चला चाबुक

Advertisement Carousel

 

रायपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर रायपुर यातायात पुलिस ने शुक्रवार को विशेष अभियान चलाते हुए स्कूलों के बाहर ई-रिक्शा, ऑटो और वैन की औचक जांच की। जांच के दौरान कई वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन करते हुए पाया गया, जिसके बाद वाहन चालकों को सख्त चेतावनी दी गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस उपायुक्त (यातायात) श्रीमती अर्चना झा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने शहर के प्रमुख स्कूलों के बाहर अभियान चलाया। जांच सेंट जेवियर्स स्कूल, रेयान इंटरनेशनल स्कूल, होली क्रॉस स्कूल (कांपा), बालाजी विद्यामंदिर (देवेंद्र नगर), कृष्णा पब्लिक स्कूल (कमल विहार), होली हार्ट स्कूल (सिविल लाइंस) और प्रणवानंद अकादमी (वीआईपी रोड) के बाहर की गई।

ओवरलोड वाहन मिले, चालकों को दी चेतावनी

अभियान के दौरान कई ऑटो और ई-रिक्शा निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को लेकर चलते मिले। यातायात पुलिस ने ऐसे वाहनों को रोककर चालकों को बच्चों को सुरक्षित तरीके से बैठाने, वाहन की क्षमता का पालन करने और सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत दी।

मौके पर मौजूद अभिभावकों से भी अपील की गई कि वे सुविधा के लिए बच्चों की सुरक्षा से समझौता न करें और क्षमता से अधिक बच्चों को किसी भी वाहन में बैठाने से बचें।

नियम तोड़े तो होगी सख्त कार्रवाई

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि कोई वाहन चालक ओवरलोडिंग करता या बिना आवश्यक सुरक्षा उपायों के स्कूली बच्चों का परिवहन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुछ ऑटो चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई।

डीसीपी ट्रैफिक की अपील

पुलिस उपायुक्त (यातायात) अर्चना झा ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्कूल प्रबंधन, वाहन संचालकों और अभिभावकों से निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की।

यातायात पुलिस की सलाह
० वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाएं।
० वाहन की फिटनेस, परमिट और अन्य आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें।
० बच्चों को सुरक्षित बैठाकर ही वाहन चलाएं।
० सभी यातायात नियमों का पालन करें।

यातायात पुलिस ने कहा कि स्कूली वाहनों की जांच का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।