अतिवृष्टि पर मुख्यमंत्री साय सख्त, राहत-बचाव कार्यों में तेजी के निर्देश; प्रभावित परिवारों तक तुरंत पहुंचे मदद

० बिलासपुर और जांजगीर-चांपा की स्थिति की लगातार हो रही मॉनिटरिंग, अधिकारियों को राहत सामग्री, भोजन, पेयजल और चिकित्सा सुविधा तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक जरूरतमंद तक समय पर राहत पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया है कि प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री, भोजन, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सुविधा सहित सभी आवश्यक सेवाएं बिना किसी विलंब के उपलब्ध कराई जाएं। इसके साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में त्वरित जलनिकासी, क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत और जनसुविधाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित जिलों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन और राहत सामग्री भी तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और हर प्रभावित परिवार तक समय पर सहायता पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित नागरिकों के साथ खड़ी है तथा जनजीवन को जल्द सामान्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।





