#प्रदेश

बॉलीवुड थीम पर सजा ‘वेलकम मानसून’, प्रत्युषा फाउंडेशन के रंगारंग आयोजन में महिलाओं ने बिखेरा जलवा

Advertisement Carousel

 

० रायपुर में गीत-संगीत, रैंप वॉक और स्वास्थ्य जागरूकता का अनूठा संगम, मानसून थीम पर महिलाओं ने किया शानदार प्रदर्शन

रायपुर। प्रत्युषा फाउंडेशन, रायपुर द्वारा सिविल लाइंस स्थित वृंदावन हॉल में ‘वेलकम मानसून’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। बॉलीवुड थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में 40 से अधिक महिलाओं ने फिल्मी किरदारों की वेशभूषा में हिस्सा लेकर रंगारंग प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।

संस्था की संस्थापिका प्रीति दास मिश्रा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को एक मंच पर जोड़ते हुए उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम की शुरुआत सह-संयोजिका लक्ष्मी जिल्हारे ने फिल्म ‘ओम शांति ओम’ के गीत पर रैंप वॉक के साथ की। इसके बाद सभी महिलाओं ने अतिथियों का स्वागत फिल्मी अंदाज में किया। संस्था की अध्यक्ष सुमन पांडे ने कार्यक्रम के शुभारंभ की घोषणा की।

दीप प्रज्ज्वलन के बाद भगवान इंद्रदेव से अच्छी बारिश की कामना की गई। मानसून थीम के अनुरूप अतिथियों का स्वागत नारियल पानी भेंट कर किया गया।

मुख्य अतिथि मृण्मय सिंह ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, स्वरोजगार अपनाने और बेहतर स्वास्थ्य के लिए क्रिकेट जैसे आउटडोर खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। वहीं डॉ. सीमा ओझा ने मानसून के दौरान होने वाली मौसमी बीमारियों से बचाव, महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य तथा स्वच्छ खान-पान के महत्व पर जानकारी दी।

कार्यक्रम में बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों पर रैंप वॉक और नृत्य प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। माधुरी दीक्षित, दीपिका पादुकोण, सुष्मिता सेन, काजोल, जूही चावला सहित कई फिल्मी किरदारों के रूप में महिलाओं ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। साथ ही हाउजी, डंब प्लस जैसे मनोरंजक खेल भी आयोजित किए गए।

प्रतियोगिता में पूजा उरकुंडे ने प्रथम, अरुणा व्यास ने द्वितीय और कोमल व्यास ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में शामिल सभी महिलाओं को मानसून थीम के अनुरूप छतरी और वाटरप्रूफ मोबाइल कवर उपहार स्वरूप भेंट किए गए।

कार्यक्रम का समापन संस्था की सचिव रितु प्रजापति द्वारा गीत प्रस्तुति के साथ हुआ। इस अवसर पर डॉ. रश्मि चावरे, शशि यादव, रंजिता मिश्रा, सोनल राजेश शर्मा, अर्चना वोरा सहित बड़ी संख्या में सदस्याएं और अतिथि उपस्थित रहे।