16 साल बाद भारत लौटेंगे IPL के संस्थापक ललित मोदी, FEMA मामले में राहत के बाद किया ऐलान

० अपीलीय न्यायाधिकरण ने ED के अधिकांश आरोप किए खारिज, बोले- अब जिंदगी में आगे बढ़ने का समय
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के संस्थापक और पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने करीब 16 साल बाद भारत लौटने की घोषणा की है। 2009 आईपीएल के दक्षिण अफ्रीका आयोजन से जुड़े विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) मामले में अपीलीय न्यायाधिकरण से राहत मिलने के बाद उन्होंने कहा कि वह इस साल के अंत या अगले साल की शुरुआत में भारत लौटने की योजना बना रहे हैं।
ललित मोदी ने कहा कि 16 वर्षों तक चली कानूनी लड़ाई के बाद उन्हें न्याय मिला है। उन्होंने कहा कि वह शुरू से दावा करते रहे हैं कि उन्होंने आईपीएल के हित में काम किया था और अब न्यायाधिकरण के फैसले ने उनकी बात को सही साबित कर दिया है। उन्होंने कहा, “मैं फैसले से बेहद खुश हूं। अब यह अध्याय खत्म हो चुका है और मैं अपने जीवन में आगे बढ़ना चाहता हूं।”
पोते के जन्म के बाद होगी वापसी
मोदी ने बताया कि उनकी बेटी अक्टूबर में बेटे को जन्म देने वाली हैं। इसके बाद वह भारत लौटेंगे। उन्होंने कहा कि पारिवारिक जिम्मेदारियों के बाद उनकी वापसी की योजना है।
ED के आरोपों को नहीं मिला आधार
16 जुलाई को दिए गए फैसले में SAFEMA के तहत गठित अपीलीय न्यायाधिकरण ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकांश निष्कर्षों और लगाए गए जुर्मानों को रद्द कर दिया। न्यायाधिकरण ने कहा कि उपलब्ध रिकॉर्ड में ऐसा कोई ठोस साक्ष्य नहीं है, जिससे यह साबित हो कि 2009 आईपीएल के दक्षिण अफ्रीका आयोजन में कथित FEMA उल्लंघनों के लिए ललित मोदी जिम्मेदार थे।
क्या था मामला?
साल 2009 में लोकसभा चुनाव के कारण आईपीएल का आयोजन भारत की बजाय दक्षिण अफ्रीका में कराया गया था। इस दौरान विदेशी भुगतान के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की पूर्व अनुमति नहीं लेने का आरोप लगाते हुए ED ने जांच शुरू की थी। हालांकि, न्यायाधिकरण ने माना कि ये करंट अकाउंट ट्रांजैक्शन थे, न कि कैपिटल अकाउंट ट्रांजैक्शन, इसलिए ED का कानूनी आधार टिक नहीं पाया।
2010 से भारत से बाहर हैं मोदी
ललित मोदी वर्ष 2010 से भारत से बाहर रह रहे हैं। उनके खिलाफ ED, BCCI और आयकर विभाग की ओर से विभिन्न मामलों में जांच चलती रही। अब FEMA मामले में राहत मिलने के बाद उन्होंने 16 साल बाद भारत लौटने की इच्छा जताई है।




