#प्रदेश

सूरजपुर में पुलिस टीम पर हमला : पथराव में 6 जवान घायल,भूमि विवाद के बीच आरोपियों की गिरफ्तारी करने पहुंची थी पुलिस

Advertisement Carousel

० एक आरोपी गिरफ्तार; गांव में भारी पुलिस बल तैनात

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पुलिस टीम पर ग्रामीणों के हमले का मामला सामने आया है। धरमपुर गांव में पुराने मामले के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया, जिसमें छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, धरमपुर में प्रस्तावित एसईसीएल माइंस के लिए भूमि अधिग्रहण का ग्रामीण लंबे समय से विरोध कर रहे हैं। इसी बीच शुक्रवार को पुलिस टीम एक पुराने मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गांव पहुंची थी। इस दौरान ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई।

हमले में पुलिस के कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। घायल छह पुलिसकर्मियों को प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन ने स्पष्ट किया कि पुलिस किसी सर्वेक्षण के लिए नहीं, बल्कि पुराने प्रकरण के आरोपियों को गिरफ्तार करने गई थी। उन्होंने बताया कि घटना में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

घटना के बाद गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।