बारिश में भीगा राशन सुखाकर बांटने का आरोप, ग्रामीणों ने खोली व्यवस्था की पोल

० नारायणपुर के कस्तूरमेटा राशन केंद्र में खराब चावल और बदहाल भंडारण पर सवाल, ग्रामीणों ने की जांच की मांग
नारायणपुर। जिले के कस्तूरमेटा गांव की उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि बारिश में भीगा राशन सुखाकर हितग्राहियों में बांटा जा रहा है। उनका कहना है कि चावल में कीड़े लग चुके हैं और खराब अनाज वितरण किया जा रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है।
कस्तूरमेटा गांव आसपास के करीब 10 गांवों के लिए राशन वितरण केंद्र है। बारिश के मौसम को देखते हुए प्रशासन ने तीन माह का राशन पहले ही उपलब्ध करा दिया था, लेकिन उचित भंडारण व्यवस्था नहीं होने के कारण बड़ी मात्रा में राशन खराब होने की शिकायत सामने आई है।
ग्रामीणों की सूचना पर जब मीडिया टीम मौके पर पहुंची तो राशन दुकान बंद मिली। बाद में दुकान खुलने पर अंदर भीगे बारदाने, खुले बोरे और खराब अनाज मिला। निरीक्षण के दौरान दुकान में गंदगी, चूहों के मल-मूत्र और अव्यवस्थित भंडारण की स्थिति भी देखने को मिली।
ग्रामीण हलधर यादव ने आरोप लगाया कि राशन दुकान अक्सर बंद रहती है, जिससे दूर-दराज के गांवों से आने वाले हितग्राहियों को कई बार बिना राशन लिए वापस लौटना पड़ता है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
वहीं, राशन दुकान संचालक ने सफाई देते हुए कहा कि भवन निर्माण के समय से ही टीन की छत से पानी रिसने की समस्या बनी हुई है, जिसके कारण राशन भीग गया। इस संबंध में सरपंच ने बताया कि भवन की स्थिति का निरीक्षण कर लिया गया है और जल्द ही छत की मरम्मत कराई जाएगी।
अब ग्रामीणों की मांग है कि खराब राशन का वितरण तत्काल रोका जाए, भंडारण व्यवस्था सुधारी जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।




